शिवनगर वार्ड में सभासद पद के उपचुनाव की तैयारियां पूरी, 13 अक्टूबर को होगा मतदान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद महराजगंज के वार्ड संख्या-07 शिवनगर के रिक्त सदस्य पद पर उपचुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
मतदान के लिए प्राथमिक पाठशाला शिवनगर में तीन मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां कुल 3,097 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,620 पुरुष और 1,477 महिला मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान पार्टियां 12 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे तहसील मुख्यालय सदर से रवाना होंगी। मतदान संपन्न होने के बाद सीलबंद मतपेटियां तहसील मुख्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में जमा कराई जाएंगी। मतगणना 15 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से तहसील मुख्यालय सदर में होगी।
निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर उप जिलाधिकारी सदर जितेन्द्र कुमार को जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।




