नंदवंशी प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा और संविधान के महत्व पर दिया जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर के चौक रोड स्थित बाबा मैरेज लॉन में नंदवंशी प्रतिभा सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पलता मंगल और विशिष्ट अतिथि निर्मेष मंगल ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर तथा भगवान बुद्ध की प्रार्थना के साथ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पलता मंगल ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा शेरनी का दूध है, जो इसे पिएगा वह दहाड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के विकास, जागरूकता और सम्मान का सबसे सशक्त माध्यम है। समाज के प्रत्येक बच्चे को शिक्षित करना और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। शिक्षा के बल पर ही समाज अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
वहीं, विशिष्ट अतिथि निर्मेष मंगल ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों का सम्मान करते हुए सामाजिक एकता, भाईचारे और समानता को मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गिरिजेश कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर सपा युवा नेता अनय मंगल, आरिफ खान, विनोद गौतम, जीएसबीएस इंटर कॉलेज के शिक्षक अमरेंद्र शर्मा, ऋषि कुमार नंद, श्रवण कुमार नंद, कन्हैया लाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




