नहर में डूब रही महिला की जान बचाने वाले दो छात्रों का डीएम ने किया सम्मान
कक्षा 10 के कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन ने तेज बहाव में उतरकर बचाई महिला की जान, राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए नाम भेजने की तैयारी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। निचलौल क्षेत्र में नहर में कूदी महिला की जान बचाने वाले कक्षा 10 के दो बहादुर छात्रों को जिलाधिकारी महराजगंज ने अपने कार्यालय में आमंत्रित कर प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने दोनों छात्रों के साहस और मानवता की सराहना करते हुए उन्हें समाज और देश की अमूल्य धरोहर बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों छात्रों ने अपनी जान की परवाह किए बिना संकट में फंसी महिला की सहायता कर अदम्य साहस का परिचय दिया। उनका यह कार्य अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय है। ऐसे साहसिक कार्य समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं और युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करने की प्रेरणा देते हैं।
बताया गया कि थाना निचलौल क्षेत्र में एक महिला के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक और सद्दाम हुसैन निवासी कोहड़वल, थाना निचलौल ने नहर के तेज बहाव में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दोनों छात्र मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज की कक्षा 10 में अध्ययनरत हैं। उनकी बहादुरी की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने उन्हें कार्यालय बुलाकर व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया। साथ ही उनके विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों में साहस, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित किया जाना जरूरी है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला सूचना अधिकारी को दोनों छात्रों के नाम राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए प्रेषित किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों छात्रों का साहस निश्चित रूप से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। :::




