बीना खत्री के निधन पर कांग्रेस ने जताया शोक
शोक सभा में कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, अयोध्या के कांग्रेस परिवार में गहरा शोक

महराजगंज।(न्यूज पैच)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता शरदेंदु पांडेय के आवास चौपरिया में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई। इसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं सांसद रहे डा. निर्मल खत्री की पत्नी श्रीमती बीना खत्री के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शोक सभा में पूर्व जिला अध्यक्ष झिनकू चौधरी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शरदेंदु पांडेय ने कहा कि श्रीमती बीना खत्री सामाजिक सरोकारों से जुड़ी महिला और कांग्रेस नेत्री थीं। उनके व्यवहार से पार्टी कार्यकर्ता हमेशा प्रसन्न रहते थे। उनके निधन से अयोध्या के कांग्रेसजनों में गहरा शोक व्याप्त है। जिला कांग्रेस कमेटी महराजगंज इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ अपनी संवेदना व्यक्त करती है।
वक्ताओं ने कहा कि डा. निर्मल खत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं समाजवादी विचारक आचार्य नरेंद्र देव के पौत्र तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री नारायण खत्री के पुत्र हैं। बीना खत्री के निधन को कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
शोक सभा का आयोजन जिला उपाध्यक्ष (संगठन) विनोद सिंह ने किया, जबकि संचालन जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ल ने किया।
इस अवसर पर जिला सचिव नरेंद्र सिंह, अजय सिंह, गुलाब गौड़, ईश्वर द्विवेदी, संदीप तिवारी, बबलू पांडेय, रविंद्र निषाद, जमील अहमद, महेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। :::




