हिंदी दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने दिया हिंदी के सम्मान का संदेश
क्विज, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता में कैडेट्स ने लिया हिस्सा, हिंदी के महत्व पर हुई चर्चा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। 102 यूपी बटालियन एनसीसी गोरखपुर के तत्वावधान में पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज में हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, समृद्ध विरासत और दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और हिंदी भाषा के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। कैडेट्स सपना और माधुरी ने हिंदी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को जोड़ने वाली भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी को सम्मान देने और इसके प्रयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हिंदी प्रवक्ता जितेंद्र वर्मा ने विद्यार्थियों को हिंदी के इतिहास, साहित्यिक समृद्धि और वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी।
एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी ने कहा कि कैडेट्स में देशभक्ति के साथ अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी जरूरी है। हिंदी दिवस जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और भाषा के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर कैडेट्स मुस्कान, सजरा, नाजिया, अंकिता, लवली, खुशबू, अराध्या, अरशिब, अंशु, विकास वर्मा, अरुण, अविनाश वर्मा, अवनीश यादव, आदित्य, श्रेयांश और सतीश सहित अन्य कैडेट्स मौजूद रहे। :::




