नगर पालिका अध्यक्ष ने चौपरिया क्षेत्र का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था, विद्यालय परिसर और हरित पट्टी का लिया जायजा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने शुक्रवार को नगर के चौपरिया क्षेत्र का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नगरवासियों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने चौपरिया क्षेत्र में नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई कार्य संचालित करने तथा किसी भी स्थान पर गंदगी या जलभराव की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद डॉ. पुष्पलता मंगल ने प्राथमिक विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर वहां की स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को विद्यालय परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष फरेंदा रोड पहुंचीं, जहां नगर पालिका द्वारा लगाए गए पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को पौधों की नियमित सिंचाई, देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से लगाए गए पौधे सुरक्षित रह सकें और नगर की हरियाली में वृद्धि हो।
इसके उपरांत उन्होंने शिवनगर गैराज का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों की जांच करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यों को निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि नगर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है और इसके लिए नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान सभासद ऋषिकेश पटेल, सफाई नायक इंद्राशन, कार्यालय सहायक संदीप साहनी, आरिफ खान, आदिल खान सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




