कस्तूरबा विद्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, छात्राओं से पूछे सवाल
कक्षाओं में परखा शैक्षणिक स्तर, छात्राओं के साथ किया नाश्ता; कंप्यूटर लैब के निर्माण में गुणवत्ता पर जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सदर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और छात्राओं से पाठ्यक्रम एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा। अधिकांश छात्राओं के संतोषजनक उत्तर देने पर उन्होंने शिक्षकों की सराहना की और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
डीएम ने किचन और डाइनिंग हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जानकारी लेने के साथ छात्राओं के साथ शाम का नाश्ता कर भोजन की गुणवत्ता स्वयं परखी। व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने स्वच्छता और भोजन के निर्धारित मानकों को लगातार बनाए रखने को कहा।
छात्रावास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बालिकाओं के रहने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कमरों में पर्याप्त वेंटिलेशन और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय की बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ, स्वस्थ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्राओं की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यालय की व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।




