कान्हा गोशाला चिउरहा में डीएम का निरीक्षण, 106 गोवंश के संरक्षण की ली जानकारी
भूसा-चारा, टीकाकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा, सीसीटीवी मॉनिटर को सिंगल प्वाइंट पर लगाने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को कान्हा गोशाला चिउरहा का स्थलीय निरीक्षण कर गोवंश के संरक्षण, चारा-भूसा की उपलब्धता, टीकाकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से गोशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद से गोशाला में संरक्षित गोवंश की संख्या और उनके लिए उपलब्ध चारा-भूसा के संबंध में जानकारी ली। बताया गया कि वर्तमान में गोशाला में 106 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 78 नंदी और 29 गाय शामिल हैं।
गोवंश के लिए गोशाला में करीब 300 कुंतल भूसा, 6 कुंतल चूनी, 12 कुंतल चोकर, 80 किलोग्राम गुड़, 8 कुंतल कपिला पशु आहार और 40 किलोग्राम नमक उपलब्ध है। हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चिउरहा और बैकुण्ठपुर में हरे चारे का उत्पादन भी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी से गोवंश के टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि गोशाला में संरक्षित सभी गोवंश का टीकाकरण कराया जा चुका है। डीएम ने निर्देश दिया कि पशुओं के स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण कराया जाए और बीमार अथवा कमजोर गोवंश की विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए।
गोशाला की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों के मॉनिटर को एक सिंगल प्वाइंट पर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि पूरे परिसर की प्रभावी निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश को गुड़-चना खिलाया और मौके पर उनकी देखभाल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद आलोक कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




