दिव्यांग छात्राओं के लिए मिलेगी 65 हजार की ई ट्राई साइकिल

पनियरा ( महराजगंज)। (न्यूज पैच)। जनपद महराजगंज में निवासरत समस्त दिव्यांग छात्राएँ जो 16 वर्ष या उससे अधिक उम्र की हैं जो किसी भी स्कूल / कालेज / संस्थान में अध्ययनरत एवं शिक्षण प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं को सूचित किया जाता है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा ई-ट्राईसाइकिल योजना संचालित की गयी है। ऐसी दिव्यांग छात्राऐं जो दैनिक कक्षाओं, लाईब्रेरी, लैब, हास्टल आदि में सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त नहीं कर पाती हैं उनको ई-ट्राईसाइकिल प्रदान कर उनका शैक्षिक पुनर्वासन किया जाना है। इस योजनान्तर्गत अधिकतम धनराशि रू० 65000.00 (पैसठ हजार) प्रति ई-ट्राईसाइकिल अनुमन्य किया गया है।
पात्रताः-ऐसी दिव्यांग छात्राऐं जो मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पालिसी, हीमोफिलिया आदि से ग्रसित हो तथा शारीरिक रूप से उनकी दृष्टि और मानसिक स्थिति अच्छी हो एवं कमर का उपरी भाग स्वस्थ्य हो जो ई-ट्राईसाइकिल चलाने में सक्षम हो तथा जिसकी दिव्यांगता (दिव्यांग प्रमाण-पत्र यू०डी०आई०डी०कार्ड) कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित हो। इस योजनान्तर्गत ऐसी दिव्यांग छात्राऐं या उनका परिवार आयकर दाता की श्रेणी में न आता हो। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार को वरीयता प्रदान की जाएगी। यह लाभ उन्हीं दिव्यांग छात्राओं को प्रदान होगा जिनको विगत 05 वर्ष की अवधि में किसी भी अन्य स्त्रोतों से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त न हुई हो।
ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त किये जाने हेतु अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र सम्बन्धित शिक्षण / प्रशिक्षण संस्थान से उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य होगा। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण रूप से आनलाईन होगी। इच्छुक दिव्यांग छात्राएँ लाभ प्राप्त किये जाने अथवा अधिक जानकारी हेतु कार्यालय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन महराजगंज में उपस्थित होकर प्राप्त कर सकती हैं।
उक्त जानकारी नगर पंचायत कार्यालय पनियरा द्वारा अभय पाण्डेय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के हवाले से दी गई है।
आफताब आलम खां
पनियरा महराजगंज




