हिंदी की पाठशाला में बच्चों ने दिखाई वर्तनी की प्रतिभा
हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित करेगा फोरम

महराजगंज।(न्यूज पैच)। हिंदी दिवस के अवसर पर सिटीजन फोरम की ओर से पूर्व माध्यमिक विद्यालय महाराजगंज प्रथम में सोमवार को ‘हिंदी की पाठशाला’ कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तनी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हिंदी शब्दों की शुद्ध वर्तनी का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में रोनिका ने प्रथम, शिवम गुप्ता ने द्वितीय तथा मुस्कान मद्धेशिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कोमल कुमारी, चंद्रकला गुप्ता, सत्यम विश्वकर्मा, प्रिंस प्रजापति और अखिलेश निषाद को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षक आरके मिश्रा ने कहा कि हिंदी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। बच्चों में हिंदी के प्रति रुचि और शुद्ध लेखन की आदत विकसित करना समय की आवश्यकता है।
उपाध्यक्ष डॉ. घनश्याम शर्मा ने कहा कि भाषा की शुद्धता अच्छे व्यक्तित्व और प्रभावी अभिव्यक्ति की पहचान है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में हिंदी के प्रति लगाव बढ़ता है और उनमें रचनात्मकता का विकास होता है।
सिटीजन फोरम के सचिव डॉ शान्तिशरण मिश्र संगठन पशुपति नाथ तिवारी ने कहा कि फोरम द्वारा हिंदी दिवस को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए हिंदी पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं में हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बैजनाथ सिंह और शिक्षक गणेश पटेल ने भी प्रतियोगिता में बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन सिटीजन फोरम के सचिव डॉ. शान्तिशरण मिश्र ने किया। उन्होंने कहा कि हिंदी को जन-जन की भाषा बनाने के लिए बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही शुद्ध हिंदी बोलने, लिखने और पढ़ने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।




