छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का विशेष अभियान, नियम विरुद्ध स्कूली वाहनों पर कार्रवाई

महराजगंज।(न्यूज पैच)। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महराजगंज यातायात पुलिस ने शुक्रवार को नगर एवं कस्बा क्षेत्रों में स्कूली बसों का सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों एवं चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस टीम ने स्कूली बसों की फिटनेस, वैध बीमा, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन खिड़की और फर्स्ट एड बॉक्स की स्थिति की जांच की।
पुलिस ने वाहन चालकों एवं स्वामियों को स्कूली बसों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, चालू हालत में अग्निशामक यंत्र रखने और पर्याप्त प्राथमिक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
चेकिंग के दौरान जिन स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानक पूरे नहीं मिले अथवा जिनका संचालन नियम विरुद्ध पाया गया, उनके खिलाफ वैधानिक एवं चालानी कार्रवाई की गई।
महराजगंज पुलिस ने अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करें और स्कूली वाहनों में सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।




