निर्माणाधीन धर्मकांटा से चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार; जनरेटर और सोलर पैनल बरामद

महराजगंज।(न्यूज पैच)। थाना बृजमनगंज पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का एक जनरेटर और एक सोलर पैनल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वादी विनोद चौधरी की तहरीर पर मु0अ0सं0 216/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त 2026 की रात निर्माणाधीन धर्मकांटा से जनरेटर और सोलर पैनल चोरी कर नारायणपुर-राजनगर के बीच स्थित एक सुनसान मकान में छिपा दिया था। 10 सितंबर को चोरी के सामान को ठिकाने लगाने की योजना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उन्हें चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूप अग्रहरि उर्फ छोटू (21), अजय कुमार पाल (24), रविकान्त यादव (19) और मिथलेश यादव उर्फ नेता (21) के रूप में हुई है। सभी थाना बृजमनगंज क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 जनरेटर और 01 सोलर पैनल बरामद किया है। चारों के विरुद्ध धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक यादव, हेड कांस्टेबल वेद प्रकाश यादव, कांस्टेबल अखिलेश यादव, कांस्टेबल सचिन यादव और कांस्टेबल मंगल शंकर तिवारी शामिल रहे।




