साइबर सेल की तत्परता से पीड़ित को मिली राहत, साइबर ठगी के ₹14,172 खाते में वापस

महराजगंज।(न्यूज पैच)। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति की ₹14,172 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई है। थाना चौक साइबर सेल की सक्रियता और बैंक के साथ समन्वय के चलते पीड़ित को उसकी पूरी रकम वापस मिल गई, जिसके बाद उसने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक शक्तिमोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना चौक क्षेत्र के पिपरा सोनाड़ी निवासी कमलेश कुमार पटेल साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। घटना के बाद उन्होंने बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही थाना चौक साइबर सेल सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने एमआरएम (MRM) पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक तकनीकी और विधिक कार्रवाई शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद ठगी गई ₹14,172 की पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर कमलेश कुमार पटेल ने महराजगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर शिकायत दर्ज कराने और पुलिस की तत्परता के कारण उन्हें अपनी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में उपनिरीक्षक अंकित कुमार राय, कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रिया सिंह तथा कांस्टेबल विशाल प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर सेल की टीम ने तकनीकी प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर बैंक के साथ समन्वय स्थापित किया, जिससे धनराशि सुरक्षित कर पीड़ित को वापस दिलाई जा सकी।
महराजगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजना, ओटीपी साझा करने या ऑनलाइन लेन-देन से पहले पूरी सावधानी बरतें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराए अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करे। साथ ही निकटतम थाना या साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क कर समय रहते सूचना देने से धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।




