महराजगंज के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस, 16 शिकायतों में 2 का मौके पर निस्तारण
पुलिस-राजस्व अधिकारियों ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, भूमि विवादों के समयबद्ध समाधान के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिले के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान पूरे जनपद में कुल 16 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल के थानों पर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। वहीं, थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने थानों पर समाधान दिवस की कार्यवाही कर शिकायतकर्ताओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निस्तारण को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरणों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में स्थलीय जांच करें और नियमानुसार निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि थाना स्तर, आईजीआरएस अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त भूमि संबंधी शिकायतों को थाना समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज किया जाए। इसके बाद दोनों पक्षों को बुलाकर पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के माध्यम से मामले का नियमानुसार निस्तारण कराया जाए।
पुलिस प्रशासन का जोर इस बात पर रहा कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।




