बरगदवा पुलिस ने 7 मुकदमों से जुड़ी 44 लीटर अवैध शराब कराई नष्ट
न्यायालय के आदेश पर थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार कराया गया विनष्टीकरण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। माल निस्तारण अभियान के तहत थाना बरगदवा पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आबकारी अधिनियम से जुड़े सात मुकदमों में बरामद 44 लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण कराया।
पुलिस के अनुसार, अपर सिविल जज (प्रवर खंड)/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज के 22 सितंबर 2026 के आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई। विनष्टीकरण से पहले संबंधित माल का नमूना निकाला गया और पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी कराई गई।
इसके बाद थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर बरामद शराब को उसमें दबवाते हुए नियमानुसार पूरी तरह नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान न्यायालय के आदेश और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया।
विनष्टीकरण की कार्रवाई आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 से संबंधित कुल सात अभियोगों के माल से जुड़ी थी। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 74/25, 102/25, 61/26, 62/26, 63/26, 65/26 और 70/26 शामिल हैं।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह, नायब तहसीलदार सुदेव पटेल, प्रभारी निरीक्षक बरगदवा धनंजय कुमार राय, उपनिरीक्षक रवीन्द्रनारायण मिश्र तथा हेड मोहर्रिर अनिल कुमार मौजूद रहे।




