भारत सरकार के ग्रामीण विकास राजमंत्री कमलेश पासवान का नरकटहां में हुआ भव्य स्वागत

पनियरा (महराजगंज)।न्यूज पैच। विधानसभा पनियरा क्षेत्र के ग्राम सभा नरकटहां में शुक्रवार को भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान के पहुंचने पर ग्रामीणों एवं युवाओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। मंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में युवा एवं ग्रामीण उनके स्वागत के लिए जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार,भारत सरकार के राज्यमंत्री कमलेश पासवान के पनियरा विधानसभा क्षेत्र में आने की खबर मिलते ही युवाओं ने गांगी बाजार के पास एकत्र होकर उनके काफिले का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान युवाओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद युवा मंत्री के काफिले के साथ ग्राम सभा नरकटहां पहुंचे, जहां उदय प्रताप अग्रहरि के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर केंद्रीय मंत्री के प्रति अपना सम्मान और उत्साह प्रकट किया।
इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की लंबे समय से चली आ रही एक प्रमुख मांग को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सभा नरकटहां में शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक के लिए बारात घर की काफी आवश्यकता है। बारात घर की ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने ग्राम सभा में बारात घर का निर्माण कराने का आश्वासन दिया। मंत्री की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और जोरदार नारेबाजी कर खुशी का इजहार किया।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि मंत्री के आश्वासन के बाद जल्द ही बारात घर निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल होगी, जिससे गांव के लोगों को एक बड़ी सुविधा मिल सकेगी। इस पहल से ग्राम सभा में सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर सुनील पासवान, रामाश्रय निषाद, राजेंद्र पांडेय, छत्रसाल यादव, डिस्को प्रधान, विष्णु पासवान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
आफताब आलम खां
पनियरा महराजगंज




