ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, तैयारियों को लेकर सीडीओ ने दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को एनआईसी सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार दायित्व और तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना और सेवा, सहभागिता एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।

17 सितंबर को होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जनपद के प्रमुख मंदिरों, घाटों, महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। संबंधित विभागों को व्यापक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं कराने तथा बुद्धिजीवियों द्वारा युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को विकास, नवाचार, सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर होंगे तीन दिवसीय कार्यक्रम

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इनमें हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान तथा बच्चों को कॉमिक बुक्स, पौष्टिक फल और मिठाई का वितरण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं से जिन नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, उनकी सफलता की कहानियों को अभियान के दौरान प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाए। इसके लिए लाभार्थियों की शॉर्ट फिल्म और रील तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने सभी ग्राम पंचायतों और वार्डों में सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के आयोजन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

बैठक में पर्यटन, ग्राम्य विकास, सूचना, पंचायतीराज, नगर विकास, बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा समेत संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयोजित कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक पर समय से साझा करने को भी कहा गया।

बैठक में जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी निरंकार, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!