अंतरिक्ष विज्ञान में करियर की संभावनाओं पर राष्ट्रीय वेबिनार आयोजित

गोरखपुर।(न्यूज पैच)। डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन, गोरखपुर की ओर से अंतरिक्ष विज्ञान एवं इंजीनियरिंग में करियर की संभावनाओं को लेकर गुरुवार को राष्ट्रीय स्तर के ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया गया। इसमें इसरो के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं इंजीनियर डॉ. जयंत पी. जोशी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों को निःशुल्क मार्गदर्शन दिया।
वेबिनार में डॉ. जोशी ने इसरो के विभिन्न मिशनों के साथ सैटेलाइट, रॉकेट, पेलोड और अंतरिक्ष संचार प्रौद्योगिकी की कार्यप्रणाली पर जानकारी दी। उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों, प्रमुख अंतरिक्ष अभियानों तथा इस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को इसरो सहित अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों में करियर बनाने के लिए आवश्यक शैक्षणिक एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। शिक्षकों को भी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित) शिक्षा को बढ़ावा देने के तरीके बताए गए।
व्याख्यान के बाद सीधे प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने डॉ. जोशी से अपने सवाल पूछे। फाउंडेशन की टीम ने बताया कि ऐसे निःशुल्क कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान एवं आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाना है। आगे भी ऐसे आयोजन किए जाएंगे।




