तिरंगे की शान में उमड़ा बेलवाकाजी, वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा गांव
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा, विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने दिखाई हरी झंडी। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के रंग में रंगे ग्रामीण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को सदर ब्लॉक के ग्राम सभा बेलवाकाजी में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। साधुशरण भारद्वाज इंटर कॉलेज से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। तिरंगा यात्रा बेलवाकाजी से होते हुए विजयपुर गांव पहुंची, जहां भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संदेश देता है। हमें अपने राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहना चाहिए।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक कुमार गुप्ता ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की गौरवशाली विरासत, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान जन-जन में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने का सशक्त माध्यम है। समाजसेवी विमल कुमार पांडेय ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घर-घर तिरंगा फहराने का अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संकल्प है। हमें जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर सबसे पहले राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस मौके पर रामप्रीत गुप्त, मंडल अध्यक्ष टाइगर तिवारी, सूर्यनाथ शर्मा, जयहिंद चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, मुराली चौधरी, मोलई प्रसाद, प्रदीप भारती, श्याम सुंदर, संजय उपाध्याय, राजेश गौंड, अजीत यादव, दुर्गेश अग्रहरि, गोरख यादव, संजय कन्नौजिया, श्याम बदन, प्रधानाचार्य सुरेंद्र पांडेय, प्रदीप चौबे, सत्यनारायण यादव, प्रहलाद वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



