ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक, डीएम-एसपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश

गैर-परंपरागत आयोजन से बचने और निर्धारित रूट व समय-सारिणी का पालन करने की अपील, सोशल मीडिया की भ्रामक पोस्ट पर रहेगी नजर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। दशहरा, दीपावली और छठ सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ त्योहारों की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और आपसी सद्भाव बनाए रखने पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाएं। किसी भी स्थिति में गैर-परंपरागत आयोजन न किया जाए तथा आयोजक प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट और समय-सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व हमारी संस्कृति और परंपराओं की पहचान हैं। इन्हें आपसी सम्मान और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।

डीएम ने सोशल मीडिया पर एआई से तैयार की गई भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट के प्रति भी सतर्क किया। उन्होंने कहा कि ऐसी पोस्ट पर पुलिस और प्रशासन की नजर रहेगी। आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

साफ-सफाई, बिजली और विसर्जन स्थलों पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि वे थानों पर संयुक्त बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करें। पंडालों की व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात, बिजली और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी आयोजकों से लेकर आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने विद्युत विभाग को बिजली के खंभों और तारों का सर्वे कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। जर्जर एवं लटकते तारों को दुरुस्त करने और निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा।

मूर्ति विसर्जन स्थलों और घाटों पर सुरक्षा, पर्याप्त पुलिस बल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा तथा मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।

ड्यूटी में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही: एसपी

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि आगामी एक महीने तक विभिन्न त्योहारों का आयोजन होना है। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करते हुए पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

एसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में किसी भी छोटी घटना या विवाद की जानकारी मिलते ही तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्क और सक्रिय रहने की हिदायत देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।

सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का भरोसा

बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों ने अपनी बातें और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। उपस्थित लोगों ने आश्वस्त किया कि दशहरा, दीपावली, छठ और अन्य आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाएगा।

बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, विभिन्न उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी, अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!