संदिग्ध परिस्थितियों में इंटर के छात्र का शव फंदे से लटका मिला, क्षेत्र में शोक; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में एक इंटरमीडिएट के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह छात्र का शव उसके घर के बरामदे में फंदे से लटका मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले की जांच आत्महत्या के एंगल से कर रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विक्रम शाह के रूप में हुई है, जो कोतवाली थाना क्षेत्र के नगर चौकी के अंतर्गत गांधी नगर वार्ड का निवासी है। मृतक इंटरमीडिएट का छात्र था। शनिवार सुबह जब परिजनों की नजर बरामदे में फंदे से लटके उसके शव पर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक दृष्टि से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के साथ घटनास्थल की परिस्थितियों का भी परीक्षण किया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार अभी भी इस घटना को लेकर सदमे में है। स्थानीय लोग भी छात्र की असमय मौत से स्तब्ध हैं।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच के दौरान परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया या फिर घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है। पुलिस छात्र की दिनचर्या, सामाजिक गतिविधियों और हाल के घटनाक्रम की भी जानकारी जुटा रही है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।




