कार्डधारकों की शिकायत पर कोटेदार पर एफआईआर, राशन वितरण में अनियमितता की जांच शुरू

महराजगंज।(न्यूज पैच)। चौक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दरहटा में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत कार्डधारकों को सही साबित होने पर उचित दर विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर चौक पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आठ जुलाई को दरहटा गांव के कई कार्डधारकों ने उचित दर विक्रेता संतोष कुमार के खिलाफ राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत की थी। शिकायत मिलने पर पूर्ति निरीक्षक बालेश्वर मणि त्रिपाठी ने गांव पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान उचित दर की दुकान बंद मिली और विक्रेता का मोबाइल भी बंद पाया गया। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक ने गांव के विभिन्न टोलों में जाकर कार्डधारकों एवं उनके परिजनों के बयान दर्ज किए।
जांच के दौरान कई लाभार्थियों ने राशन वितरण में अनियमितता की पुष्टि की। पूर्ति निरीक्षक ने अपनी जांच रिपोर्ट के आधार पर चौक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
थानाध्यक्ष चौक मनीष पटेल ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 एवं 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से राशन वितरण को लेकर शिकायतें की जा रही थीं। अब एफआईआर दर्ज होने से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है।




