पर्यावरण बचाएं, एक पेड़ गुरु के नाम जरूर लगाएं
शिक्षक दिवस पर सीएसएल एकेडमी में हुआ पौधरोपण विद्यालय परिसर में लगाए गए पीपल,बरगद एवं पाकड़ जैसे छायादार पौधे

पनियरा महराजगंज।(न्यूज पैच)। शिक्षक दिवस पर शनिवार को पनियरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत गेहुंअना स्थित सीएसएल विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। विद्यालय परिसर में पौधरोपण के दौरान छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए गोरखपुर वन प्रभाग के बांकी रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी हरिकेश बहादुर नायक ने कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए गुरु के नाम कम से कम एक पेड़ जरूर लगाएं। पौधरोपण के बाद उसका संरक्षण भी जरूर करें।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने के लिए पौधों का संरक्षण और संवर्धन जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए सभी को जागरूक होना पड़ेगा। सभी को अपनी आने वाली पीढ़ी को बचाने की जिम्मेदारी को निभाना होगा। कारण की पेड़ पौधे जीवन के प्रमुख आधार है।
विद्यालय के प्रबंधक राकेश सिंह ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए छायादार पौधों का रोपण करना आवश्यक है। छायादार पौधों में पाकड़, पीपल एवं बरगद का पौध रोपण करना चाहिए। विद्यालय परिवार से भी अपील किया कि सभी लोग पौधरोपण जरूर करें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक सिंह ने कहा कि हरियाली के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पौधरोपण कर देने मात्र से जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती, रोपित पौधों का संरक्षण एवं नियमित देखभाल भी जरूरी है।
शिक्षक दिवस पर पौधरोपण के साथ साथ अन्य विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। बच्चों ने अपने गुरुओं को उपहार भी दिया। इस अवसर पर डिप्टी रेंजर मनीष तिवारी, रितेश यादव, कपिल पति त्रिपाठी सहित विद्यालय की जया, प्रियंका, सन्ध्या, बालगोविंद, शिवानी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




