संपूर्ण समाधान दिवस में 121 मामले आए, 17 का निस्तारण
डीएम ने भूमि विवादों में त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। तहसील नौतनवा सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 121 मामले प्राप्त हुए, जिनमें जिलाधिकारी ने 17 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके का निरीक्षण कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण आख्या अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस को गंभीरता से लें और संबंधित अधिकारी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
उन्होंने मुख्यमंत्री जनता दर्शन एवं आईजीआरएस की शिकायतों का भी सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ वर्मा, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




