जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण आयोजित
चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और जनगणना लिपिकों को CMMS पोर्टल की प्रक्रिया समझाई गई

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिले के सभी चार्ज अधिकारी मौजूद रहे।
जिला जनगणना प्रभारी अम्बिका मौर्य ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, कार्यों के संचालन तथा उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में गणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया और समय-सीमा के अनुसार पूरा करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान चार्ज स्तर पर तैनात तकनीकी सहायकों और जनगणना लिपिकों को CMMS पोर्टल पर किए जाने वाले कार्यों की चरणबद्ध प्रक्रिया समझाई गई। पोर्टल पर विभिन्न कार्यों को दर्ज और संपादित करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों की तकनीकी शंकाओं का समाधान करते हुए जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां जिले में जारी हैं।




