मिठौरा मंडल में धूमधाम से निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

सिसवा/मिठौरा।(न्यूज पैच)। आजादी के अमृत महोत्सव एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मिठौरा मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ मनोरमा देवी इंटर कॉलेज, सेखुई से हुआ, जो टीकर परसौनी चौराहे तक पहुंची। यात्रा में सिसवा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान आगे-आगे देशभक्ति गीतों के साथ डीजे बजता रहा, जबकि पीछे कार्यकर्ता बाइकों पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लिए चल रहे थे। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। मनोरमा देवी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होकर उत्साह बढ़ाया।
तिरंगा देश की आन, बान और शान : अजय कुमार श्रीवास्तव
मुख्य अतिथि अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग और अशोक चक्र देश की एकता, अखंडता, त्याग, शांति और निरंतर प्रगति का संदेश देते हैं। तिरंगे के प्रति सम्मान और इसके गौरव को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है। मिठौरा मंडल में तिरंगा यात्रा के दौरान जिस तरह बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उत्साह के साथ शामिल हुए, उससे स्पष्ट है कि देशभक्ति की भावना जन-जन के हृदय में गहराई से मौजूद है।
अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आजादी हमें अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से मिली है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों की जानकारी मिलती है। उन्होंने सभी लोगों से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता ही ऐसे राष्ट्रभक्ति के आयोजनों को सफल और प्रभावशाली बनाती है।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मिठौरा मनीष शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री अमरेंद्र मणि पाण्डेय, जिला संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ संतमुनि त्रिपाठी, पूर्व मंडल अध्यक्ष शैलेश पाण्डेय, गिरधारी प्रसाद गुप्ता, दीपक पाण्डेय, नर्वदेश्वर उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा करुणेश वर्मा, जिला अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा ओमप्रकाश वर्मा, मंडल महामंत्री सुरेंद्र कुशवाहा, अवनीश मिश्रा, अरुण मिश्रा, विश्वकर्मा प्रसाद शर्मा, संजय शर्मा, वीरेंद्र गुप्ता, अजय सिंह, मोहन गौड़, नंदलाल भारती, स्वदेश गुप्ता, अशोक गुप्ता, आकाश मद्धेशिया, रामसेवक गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, सुभाष मिश्रा, राहुल खरवार, महेंद्र भारती, राकेश प्रजापति, अभिषेक मिश्र, प्रहलाद पटेल, सिकंदर सिंह, मनोज शुक्ला और दिग्विजय चौधरी सहित तमाम कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




