महराजगंज में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
विधायक सदर के नेतृत्व में निकली यात्रा, स्कूली बच्चों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़ाया उत्साह

महराजगंज।(न्यूज पैच)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को जनपद में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, पीआरडी जवानों, स्कूली छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा ब्लॉक सदर परिसर से शुरू होकर सक्सेना चौराहा और जिला पंचायत बाजार होते हुए वापस ब्लॉक परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया।

यात्रा के दौरान स्व. शिब्बन लाल सक्सेना और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
यात्रा में पीआरडी जवानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की विशेष सहभागिता रही। मार्ग में स्थानीय लोगों ने भी यात्रा का स्वागत करते हुए अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।
सदर विधायक ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। हर घर तिरंगा अभियान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक, डीसी वीबी-जी राम जी, जिला सूचना अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद महराजगंज, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।




