‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत भिटौली में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित, महिलाओं को सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के अंतर्गत थाना भिटौली पुलिस की मिशन शक्ति टीम द्वारा भिटौली बाजार में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया और महिला सुरक्षा, अधिकारों तथा आत्मरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
सम्मेलन के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को छेड़खानी, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार एवं अन्य लैंगिक अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस टीम ने महिलाओं को ऐसे मामलों में भयभीत होने के बजाय कानूनी सहायता लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। साथ ही बालिकाओं को आत्मरक्षा एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में किशोरियों के घर से बिना बताए चले जाने जैसी घटनाओं पर भी विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने इस प्रकार के कदमों से उत्पन्न होने वाली कानूनी, सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बेटियों और उनके अभिभावकों से संवाद किया तथा उन्हें जागरूक किया।
सम्मेलन के दौरान महिलाओं को विभिन्न महिला सुरक्षा हेल्पलाइन एवं सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में महिलाएं बिना किसी संकोच के हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि समय पर जानकारी और सहायता उपलब्ध होने से कई गंभीर घटनाओं को रोका जा सकेगा।




