गुरु के बिना जीवन दिशाहीन और अधूरा है : ले. शेषनाथ
गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर आयोजित हुए विविध कार्यक्रम

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पंचायत चौक बाजार स्थित दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कालेज में भारतीय संस्कृति की सनातन परंपरा गुरु पूर्णिमा विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम गुरु गोरखनाथ , युग पुरुष महंत दिग्विजयनाथ महराज और राष्ट्र संत महंत अवैद्यनाथ महाराज की छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और गुरु – शिष्य की महान परंपरा को याद किया गया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रवक्ता दिलीप कुमार पाण्डेय ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देता बल्कि अपने शिष्यों में चरित्र का निर्माण भी करता है जिसे एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट शेषनाथ ने कहा कि गुरु पूर्णिमा हमें याद दिलाता है कि गुरु के बिना ज्ञान अधूरा है। जैसे दीपक हमें अंधेरे में रास्ता दिखाता है वैसे गुरु भी हमारे जीवन में सही दिशा दिखाते हैं, और आज का दिन हमें यही सिखाता है कि हमेंअपने गुरु के प्रति आदर, धन्यवाद और विनम्रता रखनी चाहिए।
यह न केवल एक पर्व है बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति और परंपरा की आत्मा भी है। गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं होते, बल्कि वे जीवन को सही दिशा देने वाले प्रकाश-स्तंभ होते हैं। उनका सान्निध्य व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करता है और समाज को संस्कार, विवेक तथा मानवीय मूल्यों से समृद्ध बनाता है। उन्होंने कहा कि हम सभी शिक्षक, गुरु परंपरा के वाहक हैं। हम अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें तथा संकल्प लें कि शिक्षा, संस्कार, संगठन और शिक्षक सम्मान की इस परंपरा को और अधिक सशक्त बनाएँगे। इस अवसर पर संगीत शिक्षक करुणानिधि वर्मा द्वारा गुरु को समर्पित एक भजन की प्रस्तुत भी दी।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन बिनोद कुमार विमल द्वारा किया गया ।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रमोद कुमार मौर्य




