नगर पालिका परिषद ने वृक्षारोपण महायज्ञ में निभाई सक्रिय भागीदारी, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद महराजगंज ने शनिवार को व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल एवं अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान सभी ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी प्रण लिया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिसर एवं निर्धारित स्थलों पर पौधरोपण किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि शुद्ध वायु, जल संरक्षण और जैव विविधता को भी सुरक्षित रखते हैं। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आज से ही व्यापक स्तर पर पौधरोपण और उनके संरक्षण की आवश्यकता है।
अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने भी उपस्थित कर्मचारियों से पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधे स्वस्थ होकर बड़े वृक्ष बनें। इसके लिए प्रत्येक कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नगरवासियों से अपील की कि वे भी अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी सुरक्षा और देखभाल करें। नगर पालिका परिषद ने जनसहभागिता के माध्यम से वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि निर्मेष मंगल, सभासद प्रतिनिधि नुरुउल्लाह, कंप्यूटर ऑपरेटर इन्द्रेश कुमार, प्रोजेक्ट एनालिस्ट अभय कुमार गुप्ता, सफाई लिपिक उमाशंकर, कार्यालय सहायक संदीप साहनी, अजय कुमार गौतम, जगमोहन राय, दीपक कुमार, आरिफ खान, सोनू खान, बैजनाथ वर्मा, सुरेश कनौजिया सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




