गरीब कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ : पंकज चौधरी
खाद्य एवं रसद विभाग के लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन में बोले प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री मनोज पांडेय ने तीन माह में पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाने का किया ऐलान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा गुरुवार को जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज परिसर में लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने की, जबकि मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी रहे। दोनों मंत्रियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की दिशा और दशा दोनों बदली हैं। आज भारत विश्व मंच पर मजबूत और निर्णायक भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का मूल उद्देश्य गरीब, किसान, महिला और वंचित वर्ग को सशक्त बनाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीबों को पक्के मकान मिले, 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाकर महिलाओं के सम्मान की रक्षा की गई और कोविड काल में 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन देकर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई गरीब भूखा न सोए।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा, जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। सरकार गरीबों को योजनाओं का लाभार्थी ही नहीं, बल्कि विकास यात्रा का सहभागी बना रही है। जनधन खाते, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, सस्ती दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने जैसे कदम इसी सोच का परिणाम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरीब कल्याण की सोच के कारण आज सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक योजनाओं से वंचित रहे गरीबों को अब सम्मान के साथ उनका अधिकार मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों की उपज की रिकॉर्ड खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की गई है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है। जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है और स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण से महिलाओं के सम्मान और स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
मंत्री मनोज पांडेय ने घोषणा की कि अगले तीन महीनों के भीतर जिले के सभी पात्र एवं वंचित लोगों की पहचान कर उनके राशन कार्ड बनवाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी खाद्यान्न योजना से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान दोनों मंत्रियों ने 20 नए पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए, जबकि एमएसपी योजना के 10 लाभार्थी किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद दोनों मंत्रियों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन और मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
इससे पूर्व सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने भी सभा को संबोधित करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों एवं कोटेदारों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, फरेंदा विधायक बजरंग बहादुर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही, डिप्टी आरएमओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कोटेदार, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी और आमजन उपस्थित रहे।




