टीईटी परीक्षा का प्रेक्षक ने किया औचक निरीक्षण, परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखने के दिए निर्देश
पूर्व डीआईजी एस.पी. उपाध्याय ने प्रथम और द्वितीय पाली में कई परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) के पहले दिन शासन द्वारा नियुक्त प्रेक्षक एवं पूर्व पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस.पी. उपाध्याय ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रथम एवं द्वितीय दोनों पालियों में कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते हुए परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंध, कक्ष निरीक्षकों की कार्यप्रणाली, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा का संचालन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एक परीक्षा केंद्र पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रेक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष पालियों में भी इसी सतर्कता और अनुशासन के साथ परीक्षा संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक गतिविधि पर निरंतर निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा वरिष्ठ अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।




