विश्व पर्यावरण दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने दिया “एक पेड़ माँ के नाम” का संदेश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज में 102 यूपी बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के कैडेट्स द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स अंकिता चौधरी, लवली, खुशबू, आंचल, माधुरी, महक, काजल, मयंक, अर्जुन, समीर, शिवम,विनीत,आकर्ष ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर कैडेट्स ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान और पर्यावरण के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
विद्यालय प्रशासन एवं एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी ने कैडेट्स के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।




