इंडो-नेपाल बार्डर मार्ग परियोजना मे विलम्ब होने पर डीएम हुए नाराज, संस्थाओ को टाइम लाइन का कडाई से अनुपालन का दिया निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक कार्यदाई संस्थाओं के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं के प्रगति की जानकारी ली और कहा कि सभी कार्यदाई संस्थाएं सुनिश्चित करें कि भवन निर्माण परियोजनाओं में विद्युत कनेक्शन, पेयजल, जल निकासी, बाह्य परिसर विकास और अन्य आवश्यक इंतजामों को सुनिश्चित करे। आवासीय विद्यालयों में परिसर की साफ–सफाई का निर्देश दिया। उच्च माध्यमिक विद्यालयों में निर्मित शौचालयों की उपयोगिता जांच पंचायतीराज विभाग और नगर निकाय के माध्यम से कराने का निर्देश दिया। उन्होंने इंडो–नेपाल बॉर्डर मार्ग परियोजना में विलंब पर नाराजगी व्यक्त करते हुए परियोजना में तेजी लाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने पर्यटन परियोजनाओं में पूर्ण परियोजनाओं के हैंडओवर के लिए जरूरी औपचारिकताओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा जो परियोजनाएं तकनीकी वजहों से विलंबित हैं उनमें कार्यदाई संस्था प्रशासकीय विभाग के साथ समन्वय करते हुए समाप्ति तिथि में वृद्धि हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी महोदय ने कार्यदाई संस्थाओं को टाइम लाइन का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने और निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीएफओ निरंजन सुर्वे राजेंद्र, अधिशासी अभियंता जल निगम श्री आतिफ हुसैन सहित कार्यदाई संस्थाओं से सम्बन्धित अधिकारी व विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।




