डीएम व एसपी ने महाव व चंदन नदी के तटबंधो का किया स्थलीय निरीक्षण, आपात स्थिति मे बाढ से निपटने के लिए कट पाइंट को चिन्हित करने का दिया निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ महाव नाले सहित चन्दन नदी पर बने तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने महाव नाले पर बरगदवा ग्राम पंचायत में महाव के स्पॉयल बैंक का निरीक्षण किया।
उनके द्वारा महाव नाले की सिल्ट सफाई, कटाव निरोधक कार्यों, स्पॉयल बैंक के सुदृढ़ीकरण और अन्य बाढ़ निरोधक कार्यों का जायजा लिया गया। नाले की बाढ़ से जंगल क्षेत्र के गांवों को सुरक्षित करने हेतु कंटुअरिंग करने हेतु वन विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने आपात स्थिति में बैंक को टूटने से बचाने हेतु कट पॉइंट को चिन्हित करने का निर्देश दिया, जहाँ आवश्यकता पड़ने पर तटबंध को काट कर सुरक्षित जल प्रवाह सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने वन विभाग और सिंचाई विभाग को सिल्ट सफाई कार्यों को प्रभावी तरीके से किए जाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने महाव व बघेला नाला और राजपुर–दौलतगढ़ तटबंध का सर्वे कर बाढ़ निरोधक कार्यों को प्रभावी तरीके से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने निचलौल तहसील में चंदन नदी के दायें व बायें तटबंध पर तटबंध सुदृढ़ीकरण कार्यों को देखा और सुदृढ़ीकरण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। कहा कि रेन कट और रैट होल आदि की मरम्मत ससमय पूर्ण कर लें।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ निरोधक समस्त कार्य बाढ़ से पूर्व विभाग पूर्ण कर ले। साथ ही तटबंधों की सुरक्षा और बाढ़ की स्थिति में प्रभावित गांवों में सहायता उपलब्ध कराने हेतु सभी तैयारियां भी समय से सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान नौतनवां एसडीएम नवीन कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड द्वितीय राजीव कपिल, सहायक अभियंता जितेंद्र पटेल, सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




