पनियरा में मारपीट का मामला, लाठी-डंडों से पिता-पुत्र को पीटा; मुकदमा दर्ज

पनियरा (महराजगंज)। (न्यूज पैच)। थाना क्षेत्र में साइड देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दबंगों ने एक व्यक्ति और उसके बेटे पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खजुरिया निवासी राजेश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 12 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने कंबाइन में खराबी आने के कारण रुद्रापुर नहर के आगे तरकुल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक सफेद कार से उतरे शिव प्रताप यादव ने साइड देने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद शिव प्रताप यादव ने फोन कर अपने साथियों राणा प्रताप यादव, रुदल सिंह और रमई को मौके पर बुला लिया। सभी आरोपी लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे और राजेश यादव तथा उनके बेटे बृजेश यादव पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों को गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उन्हें अधमरा समझकर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।
इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आफताब आलम खान
पनियरा महराजगंज




