सामाजिक समरसता और संविधान के मूल्यो को जन जन तक पहुचाने का संकल्प,बैठक कर भाजपा ने तय की रणनीति

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम एवं आंबेडकर जयंती के आयोजन को लेकर भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष आदरणीय अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए व्यापक स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इसके माध्यम से महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में सशक्त स्थान मिलेगा। वहीं आंबेडकर जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि दोनों कार्यक्रमों को उत्साह और संगठनात्मक मजबूती के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए, जिससे सरकार की नीतियों और महान व्यक्तित्वों के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। इसके अतिरिक्त 15 अप्रैल से 20अप्रैल तक नारी शक्ति सम्मेलन, नारी शक्ति यात्रा, लेख नारी शक्ति दीवार , बाइक रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अनेक कार्यक्रमों के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई। बैठक में जिला महामंत्री बबलू यादव, प्रभाकर द्विवेदी, मधुर सिंह, उपभोक्ता भंडार अध्यक्ष अंगद गुप्ता, डीसीएफ चेयरमैन व जिला उपाध्यक्ष अशोक तिवारी, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश मंत्री कुरसेद अंसारी, प्रदीप उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, शैलेश पांडेय, डॉ फरीदा इरम, जिला मंत्री बाबू नंदन शर्मा, ठाकुर रौनियार ,सुमित्रा भारती, महिला मोर्चा की वंदना तिवारी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पटेल एवं पूर्व जिला मंत्री गौतम तिवारी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री बबलू यादव ने किया। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।




