चौक नगर पंचायत में भाजपा के ‘अनकही कहानियां’ कार्यक्रम का समापन, कलाकारों ने दिखाई पीएम मोदी के जीवन की झलक
सेवा संकल्प अभियान के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, कलाकारों को किया गया सम्मानित

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को चौक नगर पंचायत में आयोजित ‘अनकही कहानियां’ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़ी प्रेरक घटनाओं, संघर्षों और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करना नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को मजबूत करना भी है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यकर्ता जरूरतमंदों तक पहुंचाएं सरकारी योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को राजनीति का आधार बनाया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास के साथ-साथ जनकल्याण और सुशासन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिखाई पीएम मोदी के संघर्षों की झलक
कार्यक्रम के दौरान भाजपा की ओर से भेजे गए कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अभिनय और संवाद के माध्यम से कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़ी घटनाओं, संघर्षों और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाया।
कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने कलाकारों को अंगवस्त्र भेंट कर और माला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उनके योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, विधानसभा संयोजक यंत्री मधेशिया, प्रमुख प्रतिनिधि राम हरख गुप्ता, ओम प्रकाश जायसवाल, इंजीनियर विवेक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अशोक पटेल, हेमंत गुप्ता, विजय गौड़, राकेश गौड़, अशोक विश्वकर्मा, अरविंद मौर्य, प्रमोद पासवान और छोटे लाल पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




