छठ पर्व की तैयारियों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष ने किया कई घाटों का निरीक्षण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी छठ महापर्व को देखते हुए नगर पालिका परिषद महराजगंज की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने शनिवार दोपहर नगर के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कम्युनिटी सेंटर के पीछे, गांधी नगर, उद्योग तिराहा, शास्त्री नगर, पीसी गोदाम, चिऊरहा, महुअवा डाला, बाल वाटिका के सामने, लोहिया नगर और मऊपाकड़ स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, शौचालय और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी संबंधित कर्मचारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के साथ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सभासद प्रतिनिधि आलोक गुप्ता, सभासद राणा पटेल, शेषमणि पटेल, ऋषिकेश पटेल, सभासद प्रतिनिधि शिवांस, सफाई लिपिक उमाशंकर, चालक शकीलउल्लाह उर्फ सोनू, नगर चौकी इंचार्ज विजय गौड़, दीवान बबलू गौड़, अभय गुप्ता, रमेश वर्मा, सफाई नायक इंद्राशन, चन्द्रिका, विनोद गौतम, दुर्गेश खरबार और आदिल रजा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




