नगर पालिका अध्यक्ष ने विभिन्न विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया विशेष जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण की शुरुआत अमरुतिया वार्ड से हुई, जहां अध्यक्ष ने निर्माणाधीन पेयजल परियोजना के तहत पानी की टंकी के लिए कराए जा रहे बोरिंग कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का लाभ प्रत्येक घर तक पहुंचे और नगर के सभी नागरिकों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद अध्यक्ष ने अमरुतिया वार्ड में निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित मानकों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों की बेहतर व्यवस्था स्वच्छता अभियान को मजबूत करने के साथ नागरिकों को भी सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराएगी।
निरीक्षण के क्रम में डॉ. पुष्पलता मंगल आज़ाद नगर पहुंचीं, जहां नहर के समीप निर्माणाधीन सड़क का जायजा लिया। उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने तथा तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने सक्सेना नगर में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि आम जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभासद प्रतिनिधि बबलू पासवान, सभासद राणा पटेल, सभासद लालजी गुप्ता, सफाई पर्यवेक्षक इंद्रासन, आरिफ खान सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।




