खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच, जिला खेल विकास समिति से जुड़ेंगे अधिकाधिक खेल संघ
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने खेल सुविधाओं के विकास और प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन पर दिया जोर, 10 दिन में कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और युवा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति से अधिकाधिक खेल संघों को जोड़ा जाए, ताकि खिलाड़ियों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी को जनपद में सक्रिय सभी खेल संघों को समिति से जुड़ने के लिए सूचित करने, उनसे आवश्यक प्रपत्र प्राप्त करने तथा नियमानुसार समिति में शामिल करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने कहा कि अधिकाधिक खेल संघों की भागीदारी से खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप खेल सुविधाओं के विकास में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार को जिला एवं तहसील स्तरीय खेल विकास एवं प्रोत्साहन समितियों का चिटफंड सोसाइटी के अंतर्गत पंजीकरण कराने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, जिला युवा अधिकारी को जिलास्तर तथा जिला युवा कल्याण अधिकारी को तहसील स्तर पर खेलों के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार कर 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा।
खेल परिसर की व्यवस्थाओं पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को जिला क्रीड़ा स्टेडियम में व्यापक साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल परिसर में स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिलना चाहिए। इसके साथ ही खेल मैदानों एवं अन्य खेल सुविधाओं के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की युवा खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के लिए बेहतर खेल सुविधाओं का विकास और नियमित खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन आवश्यक है। क्रीड़ा विभाग एवं युवा कल्याण विभाग आपसी समन्वय से विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित करें, जिससे अधिकाधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ा जा सके और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिले।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीएफओ सुर्वे निरंजन राजेंद्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।




