सदर विधानसभा को मिली पांच नई सड़कों की सौगात, 9.91 करोड़ रुपये होंगे खर्च
मुख्यमंत्री ने विधायक जय मंगल कन्नौजिया के प्रस्ताव पर दी मंजूरी, ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

महराजगंज, 26 अगस्त। सदर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। पांचों सड़कों के निर्माण पर कुल करीब 9.91 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वीकृत परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ग्रामीण इलाकों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इन पांच सड़कों का होगा निर्माण
गिदहा प्राथमिक विद्यालय से फुलवरिया: 1.10 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 137.23 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कृत पिपरा से खेम पिपरा: 2.60 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 212.24 लाख रुपये खर्च होंगे।
कोटा से बासपार डीहुलिया टोला होते हुए फरेंदा-महराजगंज मुख्य मार्ग: चोखराज पब्लिक स्कूल के रास्ते 1.50 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 185.37 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
रामपुर बल्दिहा पुल से विशुनपुर गबडुआ होते हुए परतावल-पुरैना मार्ग: 3.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए 285.17 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
अमवा चौराहा से पंडित की दुकान होते हुए वन चौकी: 1.38 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 171.59 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
किसानों से लेकर विद्यार्थियों तक को मिलेगा लाभ
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य सड़कों से कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। इससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीण इलाकों से बाजार, विद्यालय और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दे रही है। सड़क निर्माण की ये परियोजनाएं सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के साथ लोगों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्याओं को दूर करने में मददगार साबित होंगी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रयास लगातार जारी हैं।




