22 सूत्रीय मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षकों का डीआईओएस कार्यालय पर धरना, पुरानी पेंशन बहाली की उठाई मांग

सिंदुरिया/ महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय, महराजगंज के समक्ष शिक्षकों ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। धरने का नेतृत्व संगठन के प्रांतीय महामंत्री राजीव यादव ने किया।
धरना-प्रदर्शन में संगठन के प्रांतीय मंत्री डॉ. महेंद्र राय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष डॉ. नवीन श्रीवास्तव, जिला मंत्री चंदन कुमार, उपाध्यक्ष संतोष कश्यप, डॉ. सर्वेशमणि त्रिपाठी, धर्मेंद्र सिंह, विवेक कुमार यादव, संरक्षक डॉ. पंकज गुप्त, जिला प्रवक्ता कुमुद रंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।
धरने को संबोधित करते हुए डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में शिक्षक प्रतिनिधि होने के बावजूद माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक लगातार विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त होने, नगर प्रतिकर भत्ता, परिवार नियोजन भत्ता सहित अन्य भत्तों की समाप्ति तथा शिक्षा अधिनियम की धारा 12, 18 और 21 हटाए जाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर शिक्षकों की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठाई गई। उन्होंने कहा कि अब शिक्षकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं संघर्ष करना होगा।
उन्होंने कहा कि संगठन 22 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है, जिनमें वर्ष 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालयों का राजकीयकरण तथा धारा 12, 18 और 21 की पुनर्बहाली प्रमुख हैं। इसके अलावा स्थानीय स्तर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।
धरने में अटेवा के प्रांतीय संगठन मंत्री राजेश जायसवाल, जिलाध्यक्ष टीपी सिंह, कोषाध्यक्ष राघवेंद्र गुप्ता तथा जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रमोद कुमार मौर्य




