
आनंदनगर, महराजगज।(न्यूज पैच)। परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, आनंदनगर में आयोजित 102 यूपी बटालियन एनसीसी के 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सी एटीसी-152 का शनिवार को भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ।समापन अवसर पर कैडेट्स के अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति की भावना ने उपस्थित सभी अतिथियों को प्रभावित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा ने कहा कि शिविर के दौरान कैडेट्स को पीटी, ड्रिल, फायरिंग, ऑप्टिकल ट्रेनिंग, मैप रीडिंग सहित विभिन्न सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी प्रशिक्षण दिए गए। उन्होंने कैडेट्स से प्रशिक्षण व्यवस्था में सुधार हेतु सुझाव भी आमंत्रित किए और कहा कि एनसीसी का प्रत्येक कैडेट देशहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का आधार बनाए।इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। क्वार्टर गार्ड, फ्लैग एरिया, ड्रिल, पेंटिंग, फायरिंग, मैप रीडिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामान्य ज्ञान एवं रस्सा-कस्सी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया।
बेस्ट कैडेट्स एवं चैंपियंस घोषित शिविर के समापन पर विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए।बेस्ट गर्ल्स कैडेट (एसडब्लू) प्रतिमा,
बेस्ट गर्ल्स कैडेट (जे डब्ल्यू) – विजय लक्ष्मी,
बेस्ट बॉयज कैडेट (एसडी) – दीपांशु पाठक,
बेस्ट बॉयज कैडेट (जेडी)अभिजीत, ओवरऑल बेस्ट कैडेट,अभिजीत ,ओवरऑल चैंपियन कॉलेज बीके, आईसी, पिपराइच, महराजगंज,ओवरऑल चैंपियन कंपनी चार्ली कंपनी
सांस्कृतिक संध्या में गूंजे देशभक्ति के स्वर
सायंकाल आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न विद्यालयों के कैडेट्स ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का आनंद कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा व मुख्य अतिथि परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज के प्रबंधक बजरंग बहादुर सिंह, प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय, 1971 के युद्ध सेनानियों, पीआई स्टाफ, एएनओ तथा बड़ी संख्या में उपस्थित कैडेट्स ने लिया। आयोजित कार्यक्रम के दौरान कैंप कमांडेंट एवं कॉलेज प्रबंधक द्वारा 1971 के युद्ध सेनानी सूबेदार मेजर एस.बी. गुरुंग (168 फील्ड रेजिमेंट) तथा नायब सूबेदार पी.बी. गुरुंग (6/8 जीआर) को बटालियन की ओर से प्रतीक चिह्न प्रदान कर उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समापन समारोह का अंत “भारत माता की जय” के जोशीले नारों एवं सामूहिक रात्रि भोज के साथ हुआ। पूरे शिविर के दौरान कैडेट्स में राष्ट्रसेवा, नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का सफल प्रयास किया गया।इस दौरान वरिष्ठ लिपिक आयुष्मान सिंह उर्फ राणा, लेफ्टिनेंट डॉ संजय शर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहें।
रवि श्रीवास्तव




