भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सुनी समस्याएं, दिया समाधान का भरोसा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनसेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महराजगंज स्थित अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम जनमानस की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दूर-दराज से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं क्षेत्रीय समस्याओं को उनके समक्ष रखा। मंत्री ने हर व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया।
जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिनमें किसान, व्यापारी, युवा और महिलाएं शामिल रहीं। लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, राजस्व, पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिक को बिना भटकाव के न्याय और सुविधा मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सच्ची जनसेवा है। जनता दर्शन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने में मदद मिलती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया सहित अजय कुमार श्रीवास्तव, बबलू यादव, संतोष सिंह, गोलू सिंह, दिनेश जायसवाल, राजेंद्र पटेल, रणजीत सिंह, सुशील श्रीवास्तव, अमरनाथ पटेल,डाक्टर फरीदा इरम, बंदना त्रिपाठी और आकाश गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।




