10 और 11 नवंबर को होगा 14वां रामपुर उत्सव, शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कृति पर रहेगा जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। श्री चंद्रिका शर्मा फूला देवी स्मृति सेवा ट्रस्ट की ओर से रामपुर बुजुर्ग में 10 और 11 नवंबर को 14वें रामपुर उत्सव का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें साहित्यकारों, पत्रकारों, चिकित्सकों और गणमान्य लोगों की सहभागिता रहेगी।
उत्सव का शुभारंभ 10 नवंबर को शाम चार बजे जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा। उद्घाटन सत्र में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विश्वंभरनाथ शर्मा स्वागत वक्तव्य देंगे। मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव होंगे। ग्राम स्वराज व्याख्यानमाला के सातवें व्याख्यान का विषय ‘मीडिया का धर्म और मीडिया में धर्म’ रखा गया है। इस दौरान ‘गाँव’ पत्रिका के 11वें अंक का लोकार्पण, आदर्श शिक्षक सम्मान और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता लेखक डॉ. वेदप्रकाश पाण्डेय करेंगे। रात 7:30 बजे से ‘द लीजेंड्स ऑफ भगत सिंह’ फिल्म का प्रदर्शन होगा।
दूसरे दिन 11 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से शाम चार बजे तक निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र परीक्षण शिविर लगेगा। इसका उद्घाटन मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी करेंगे। जिला चिकित्सालय और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की जांच करेगी। शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे। साथ ही शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच भी होगी।
इसी दिन शाम पांच से सात बजे तक काव्य संध्या आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता प्रो. शीतांशु कुमार करेंगे। इसमें देवेंद्र आर्य, वीरेंद्र मिश्र दीपक, सरवत जमाल, निखिल पाण्डेय, डॉ. सुनीता अबाबील, संतोष श्रीवास्तव, कुमार देवेश, तशरीफ खान, दिव्यांश पाण्डेय, सुरेंद्र पटेल, नवीन शुक्ल, सरिता त्रिपाठी, शशि कुमार वर्मा, एस. कुमार, राम उजागर, उमेश सहानी और राम प्रजापति सहित कई कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।
आयोजन संयोजक डॉ. अमरनाथ ने बताया कि रामपुर उत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में प्रत्येक वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की।




