दाखिल-खारिज में अवैध वसूली की आशंका, कंप्यूटर ऑपरेटर विनोद की जांच की मांग

महराजगंज।(न्यूज पैच)। तहसील सदर महराजगंज में दाखिल-खारिज (नामांतरण) कार्यों की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस संबंध में श्रवण कुमार वर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कंप्यूटर ऑपरेटर विनोद की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि तहसील में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर का पूरा नाम, पदनाम, नियुक्ति की स्थिति और कार्यक्षेत्र का सत्यापन कराया जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि वह नियमित, संविदा या आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त है। शिकायती पत्र में दाखिल-खारिज कराने वाले लोगों से निर्धारित सरकारी शुल्क के अतिरिक्त किसी प्रकार की धनराशि मांगे जाने की आशंका जताते हुए इसकी जांच कराने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर को आवेदकों से नकद अथवा ऑनलाइन भुगतान लेने का अधिकार है या नहीं, इसकी भी जांच कराने की मांग की गई है। श्रवण कुमार वर्मा ने पिछले तीन वर्षों के दाखिल-खारिज से संबंधित शिकायतों, ऑनलाइन रिकॉर्ड, डिजिटल लॉग, शुल्क भुगतान के विवरण और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जांच के दौरान सरकारी अभिलेखों और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले की जांच किसी सक्षम एवं निष्पक्ष अधिकारी से कराने तथा जांच में अनियमितता या अवैध वसूली की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब प्रशासनिक जांच और जिलाधिकारी के स्तर से होने वाली कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हैं।




