ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

मिशन शक्ति 6.0: कक्षा 12 की छात्रा प्रिया द्विवेदी बनीं एक दिन की जिलाधिकारी

जनसुनवाई में सुनीं 10 से 12 शिकायतें, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत बेटियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से गुरुवार को भिटौली निवासी कक्षा 12 की छात्रा प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस पहल के दौरान प्रिया ने जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर जनसुनवाई की और विभिन्न मामलों में संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में प्रिया द्विवेदी ने जनसुनवाई के दौरान लगभग 10 से 12 मामलों की सुनवाई की। परसा गिदही निवासी कुसुमवती के अंश निर्धारण संबंधी प्रकरण में उन्होंने अनावश्यक विलंब किए बिना तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित हल्का लेखपाल को निर्देशित किया। वहीं, ग्राम पंचायत नेता सुरहुरवा में साफ-सफाई न होने की शिकायत पर जिला पंचायतराज अधिकारी को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार निचलौल को प्रभावी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समझाई प्रशासनिक कार्यप्रणाली

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल लगातार छात्रा का मार्गदर्शन करते रहे। उन्होंने शिकायतों को सुनने, उनके तथ्यों को समझने, संबंधित विभागों को प्रकरण भेजने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जिलास्तरीय अधिकारियों के अधिकारों, दायित्वों और प्रशासनिक निर्णय लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना बेहद महत्वपूर्ण है।

बेटियों को लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित

जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत शारदीय नवरात्रि के दौरान जिला प्रशासन की ओर से प्रतिदिन विभिन्न थीम पर महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया है। इस पहल का उद्देश्य बेटियों को प्रशासनिक कार्यों से परिचित कराना और उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अनुभव से बेटियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रिया कक्षा 12 में जीव विज्ञान की छात्रा हैं और भविष्य में नीट की तैयारी करना चाहती हैं। जिलाधिकारी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वह नीट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार और जनपद का नाम रोशन करेंगी।

प्रिया ने जताया आभार

जनसुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में प्रिया द्विवेदी ने कहा कि एक दिन का जिलाधिकारी बनकर उन्हें प्रशासनिक कार्यों को करीब से समझने का अवसर मिला। जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने बताया कि पूरी जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने उनका मार्गदर्शन किया और आत्मीयता के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी और महिला कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत विभिन्न थीम पर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इसका उद्देश्य बेटियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागों की भूमिका से परिचित कराना, उनका मनोबल बढ़ाना तथा भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!