महराजगंज के 9,285 विद्यार्थियों के खातों में पहुंची 1.11 करोड़ की छात्रवृत्ति
विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने छात्र-छात्राओं को वितरित की छात्रवृत्ति, बोले- आर्थिक तंगी नहीं बनेगी शिक्षा में बाधा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विकास भवन सभागार में शनिवार को समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित की। इस अवसर पर बताया गया कि प्रदेश स्तर पर 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति धनराशि अंतरित की गई है।
इसी क्रम में जनपद महराजगंज के कक्षा 9वीं-10वीं एवं 11वीं-12वीं के कुल 9,285 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया गया। जिले के लाभार्थियों के खातों में कुल 1,11,66,772 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि धन के अभाव में उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ अध्ययन करने तथा अपने परिवार, समाज और जनपद का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि पहले छात्रवृत्ति वितरण में बिचौलियों द्वारा धन वसूली की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन अब प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए प्रयासरत है।
इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी विकास भवन सभागार में किया गया। इसमें उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति की धनराशि हस्तांतरित किए जाने का कार्यक्रम देखा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राम दरश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्रवृत्ति वितरण एक नजर में
- प्रदेश में लाभार्थी: 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थी
- प्रदेश में वितरित धनराशि: 148 करोड़ रुपये
- महराजगंज में लाभार्थी: 9,285 विद्यार्थी
- जिले में वितरित धनराशि: 1,11,66,772 रुपये
- लाभार्थी कक्षाएं: 9वीं से 12वीं तक




