पोखरे में डूबने से युवक की मौत, खेत में रोपाई के दौरान हुआ हादसा
हाथ-पैर धोने गया था युवक, सीएचसी ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

महराजगंज।(न्यूज पैच)। कोल्हुई थाना क्षेत्र के गुलरिहा कला गांव में बृहस्पतिवार दोपहर पोखर में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक खेत में धान की रोपाई कर रहा था। रोपाई के बाद हाथ-पैर धोने के लिए वह पोखर पर गया था, तभी पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। परिजनों और ग्रामीणों के प्रयास के बाद भी उसे नहीं बचाया जा सका। मृतक की पहचान गुलाम वारिस निवासी गुलरिहा कला टोला पोखर भिटवा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार गुलाम वारिस सुबह से ही अपने खेत में धान की रोपाई कर रहा था। दोपहर में काम खत्म करने के बाद वह खेत के किनारे स्थित पोखर पर हाथ-पैर धोने गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे पोखर में गिर गया। गहराई अधिक होने के कारण वह संभल नहीं सका और डूबने लगा। मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे बचाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक शिवनाथ साहनी अपने हमराहियों के साथ गुलरिहा कला पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से अचेत अवस्था में गुलाम वारिस को तत्काल सीएचसी लक्ष्मीपुर ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कोल्हुई थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।




